Bihar News : भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद बिलौटी में फिर गरमाया माहौल, घर के बाहर मारपीट के बाद पुलिस जांच में जुटी
Bihar News : भोजपुर जिले में एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के घर के सामने मारपीट हो गयी. जिससे बिलौटी गांव में फिर तनाव बढ़ गया है......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव में जून महीने में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं पड़ा है। एनकाउंटर के बाद से ही गांव में लगातार लोगों की आवाजाही बनी हुई है। इसी बीच बुधवार को भरत तिवारी के घर के ठीक सामने अचानक हुई मारपीट की घटना से गांव में एक बार फिर तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भरत तिवारी के घर के सामने दो पक्षों के बीच अचानक किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घर के बाहर शोर-शराबा सुनकर भरत तिवारी के माता-पिता समेत अन्य परिजन भी बाहर निकल आए। इस अप्रत्याशित घटना से एनकाउंटर का दंश झेल रहा परिवार बेहद परेशान और भयभीत नजर आया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह मामले को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और मौके पर पहुँचकर घटना के कारणों व इसमें शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने में लग गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मारपीट की यह वजह व्यक्तिगत रंजिश थी या इसका संबंध एनकाउंटर के बाद की गतिविधियों से है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की कोशिश जारी है।
गौरतलब है कि जून में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद से बिलौटी गांव लगातार सुर्खियों में है। गांव में लगातार हो रही हलचलों और इस ताजा घटनाक्रम ने पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।
आशीष की रिपोर्ट