Bihar News : कम्बोडिया में नौकरी का झांसा ! भोजपुर का युवक दलाल के जाल में फंसकर जेल में हुआ बंद, परिजनों ने भारत सरकार से लगाई गुहार

Bihar News : कम्बोडिया में नौकरी का झांसा ! भोजपुर का युवक द

ARA : भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल क्षेत्र के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत खननी कलाँ गांव निवासी एक युवक के कम्बोडिया में दलाल के जाल में फंसकर जेल में बंद होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन भारत सरकार से हस्तक्षेप कर युवक समेत चारों युवकों की सकुशल वापसी की गुहार लगा रहे हैं।

फेसबुक के जरिए संपर्क, नौकरी का झांसा

मिली जानकारी के अनुसार खननी कलाँ गांव निवासी रविन्द्र राम के 28 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार राम फेसबुक के माध्यम से मुंबई के कथित एजेंट संतोष चौपगार के संपर्क में आए थे। एजेंट ने कम्बोडिया में हॉस्टल में भोजन बनाने का काम दिलाने का झांसा दिया और 700 से 800 डॉलर (करीब 35 से 40 हजार रुपये) मासिक वेतन का लालच देकर वीजा लगवा दिया। परिजनों के अनुसार मनीष 27 जनवरी 2026 को घर से निकले और 29 जनवरी की रात कोलकता के रास्ते कम्बोडिया पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद एजेंट ने उन्हें एक होटल में ठहराया।

काम नहीं मिलने पर एजेंट हुआ फरार

करीब दो सप्ताह तक काम नहीं मिलने पर मनीष व अन्य युवकों ने एजेंट पर दबाव बनाया। इसके बाद एजेंट उन्हें काम दिलाने के बहाने किसी दूसरी जगह ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुलिस को देखकर एजेंट संतोष चौपगार मौके से फरार हो गया, जबकि मनीष समेत चारों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया।मनीष की मां रामकुमारी के अनुसार बेटे ने मैसेज कर बताया कि उन्हें पुलिस ने पकड़कर सेंट्रल जेल में बंद कर दिया है और उनका मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है।

परिजनों से मांगे जा रहे लाखों रुपये

मनीष के पिता रविन्द्र राम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग नंबरों से फोन कर कभी एक लाख, कभी ढाई लाख, कभी तीन लाख और अंतिम बार साढ़े पांच लाख रुपये की मांग की जा रही है। कहा जा रहा है कि पैसा देने पर ही युवक को छोड़ा जाएगा। इससे परिजन असमंजस में हैं कि अगर युवक पुलिस हिरासत में है तो इस तरह पैसे की मांग क्यों की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मनीष के परिवार में पत्नी सुमन कुमारी, 10 वर्षीय पुत्र हरिश कुमार, 6 वर्षीया बेटी रिया कुमारी और 2 वर्षीया बेटी गोल्डी हैं। उनकी शादी वर्ष 2016 में जगदीशपुर प्रखंड के केशरी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार राम की पुत्री सुमन कुमारी से हुई थी। मनीष तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। छोटा भाई उमाशंकर राम पंजाब में काम करता है, जबकि बहन उषा कुमारी की शादी संदेश प्रखंड के बड़गांव में हुई है।

पहले भी जा चुके हैं विदेश

परिजनों के अनुसार मनीष वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान ओमान भी काम करने गए थे। इस बार वह अपने फुफेरे साले, तियर थाना क्षेत्र के अरैला गांव निवासी अमरजीत कुमार के साथ करीब ढाई-ढाई लाख रुपये देकर कम्बोडिया पहुंचे थे।

भारत सरकार से लगाई गुहार

घटना की जानकारी मिलने के बाद मनीष के पिता रविन्द्र राम, मां रामकुमारी और पत्नी सुमन कुमारी ने भारत सरकार से अपील की है कि कम्बोडिया में फंसे उनके पुत्र समेत चारों युवकों को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाया जाए। बेटे के जेल में बंद होने की खबर सुनकर परिवार सदमे में है और घर में मातम जैसा माहौल है। जानकारी लेने पहुंचने वाले लोगों के सामने माता-पिता और पत्नी फफक कर रो पड़ते हैं।

आशीष की रिपोर्ट