Bihar News : भोजपुर के शाहपुर में निकली अनोखी शव यात्रा, बुजुर्ग महिला की मौत पर शोक नहीं, बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर परिजनों ने मनाया 'जीवन का उत्सव'
Bihar News : शाहपुर नगर पंचायत स्थित दिलमपुर क्षेत्र में एक ऐसी शव यात्रा निकली, जिसने मृत्यु के प्रति पारंपरिक नजरिए को बदल कर रख दिया......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में दिलमपुर एक ऐसी शव यात्रा निकली, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। अमूमन जहां मृत्यु के बाद माहौल गमगीन होता है और आंखों में आंसू होते हैं, वहीं शाहपुर में एक बुजुर्ग महिला की अंतिम विदाई किसी उत्सव की तरह मनाई गई।

मृत्यु नहीं, 'पूर्ण आयु' का उत्सव
शाहपुर की रहने वाली दादी (बुजुर्ग महिला) के निधन के बाद उनके परिजनों ने दुखी होने के बजाय उनके द्वारा जीए गए लंबी और खुशहाल उम्र को सेलिब्रेट करने का निर्णय लिया। परिजनों का मानना था कि दादी ने अपना जीवन पूरी गरिमा के साथ जिया और अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़कर गई हैं, इसलिए उनकी विदाई 'विजय यात्रा' की तरह होनी चाहिए।

डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके लोग
शव यात्रा के दौरान पूरी सड़क पर उत्सव जैसा नजारा दिखा। शव वाहन के आगे-आगे डीजे और ढोल-नगाड़े बज रहे थे। बैंड-बाजे की धुन पर परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग झूमते-नाचते हुए श्मशान घाट की ओर बढ़ रहे थे। इस अनोखी शव यात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

शहर में चर्चा का विषय
शाहपुर के स्थानीय निवासियों के लिए यह दृश्य भावुक करने वाला भी था और प्रेरणादायक भी। लोगों ने कहा कि यह इस बात का प्रतीक है कि यदि कोई व्यक्ति अपनी पूरी आयु जीकर और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाकर जाता है, तो उसकी मृत्यु शोक का नहीं बल्कि उसके जीवन के सफल समापन का अवसर होती है। यह शव यात्रा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है, जहाँ लोग इसे 'मृत्यु पर विजय' और 'परंपरा से हटकर एक नई सोच' के रूप में देख रहे हैं।
आशीष की रिपोर्ट