Bihar News : बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर आरा रेलवे स्टेशन पर उमड़ा परीक्षार्थियों का भारी हुजूम, सुरक्षा के किये गए कड़े इंतजाम
Bihar News : केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से आयोजित बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर काफी संख्या में परीक्षार्थी आरा पहुँचे. जिसको लेकर रेलवे स्टेशन पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई......पढ़िए आगे
ARA : केंद्रीय चयन पर्षद , बिहार द्वारा आयोजित बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर भोजपुर जिले के मुख्यालय आरा में परीक्षार्थियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। परीक्षा में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में अभ्यर्थी आरा पहुंचे हैं। परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए आरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, बम निरोधक दस्ता भी अलर्ट
स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यापक पैमाने पर पुलिस सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेल पुलिस (GRP) के साथ-साथ जिला पुलिस बल के जवानों को पूरी तरह मुस्तैद रखा गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति और संदिग्ध वस्तु से निपटने के लिए स्टेशन पर विशेष रूप से बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) को भी तैनात किया गया है, जो लगातार नजर बनाए हुए है।
18 केंद्रों पर परीक्षा, दो पालियों में 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी
भोजपुर जिले में इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में आयोजित हो रही इस परीक्षा में 11 हजार से भी ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ शहर में पहुंचने के कारण परीक्षा केंद्रों से लेकर बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों तक सिर्फ और सिर्फ परीक्षार्थी ही नजर आ रहे हैं।
ट्रेन पकड़ने के लिए मची अफरा-तफरी, पैर रखने की जगह नहीं
स्टेशन पर भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जैसे ही प्लेटफॉर्म पर ट्रेन पहुंच रही है, उस पर सवार होने के लिए परीक्षार्थियों के बीच भारी अफरा-तफरी का माहौल बन जा रहा है। ट्रेनों की बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। खचाखच भरी ट्रेनों में चढ़ने के लिए परीक्षार्थियों के बीच होड़ मची हुई है, जिसे संभालने में पुलिस जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
स्थिति पर पुलिस की पैनी नजर, जीआरपी थानाध्यक्ष ने कहा- पूरी टीम मुस्तैद
आरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की कमान खुद जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी संभाले हुए हैं। मामले को लेकर RPF इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया की सुरक्षा के सभी इंतजाम किये गए हैं। जीआरपी थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि परीक्षा के कारण स्टेशन पर अचानक परीक्षार्थियों की आमद बहुत ज्यादा बढ़ गई है। इस बढ़ते भीड़भाड़ को नियंत्रित रखने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की भगदड़ की स्थिति को रोकने के लिए हमारी पूरी टीम प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में लगातार मुस्तैद है।
आशीष की रिपोर्ट