Bihar News : आरा में दबंग ऑटो चालकों की गुंडागर्दी, ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को पीट-पीटकर किया अधमरा, अस्पताल में चल रहा है इलाज

Bihar News : भोजपुर के नवादा थाना क्षेत्र में ऑटो हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ ऑटो चालकों ने जवान की जमकर पिटाई कर दी. इस हमले में होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया.....पढ़िए आगे

Bihar News : आरा में दबंग ऑटो चालकों की गुंडागर्दी, ड्यूटी प
होमगार्ड जवान की पिटाई - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिला मुख्यालय आरा शहर से खाकी को चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ नवादा थाना क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान के साथ कुछ दबंग ऑटो चालकों ने बेरहमी से मारपीट की। सड़क से ऑटो हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद चालकों ने कानून को हाथ में लेते हुए जवान की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दुस्साहसिक हमले के बाद बस स्टैंड परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बना रहा।

घायल होमगार्ड जवान की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग निवासी राजनंद प्रसाद सिन्हा के 30 वर्षीय पुत्र रूपेश रंजन के रूप में की गई है। रूपेश रंजन होमगार्ड के जवान हैं और वर्तमान में जिला ट्रैफिक थाने में प्रतिनियुक्त हैं। घटना के वक्त उनकी तैनाती प्राइवेट बस स्टैंड के समीप सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए की गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड परिसर में सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े एक ऑटो के कारण यातायात बाधित हो रहा था। ड्यूटी पर तैनात जवान रूपेश रंजन ने जब उस ऑटो को वहां से हटाने को कहा, तो ऑटो चालक भड़क गया और उलझ गया। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और आरोपी चालक ने अपने कुछ अन्य साथी ऑटो चालकों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर ऑन-ड्यूटी जवान पर लात-घूसों से हमला कर दिया और बीच सड़क पर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

इस हिंसक झड़प को देख स्टैंड में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पुलिस बल ने लहूलुहान स्थिति में घायल जवान को दंगाइयों के चंगुल से छुड़ाया और आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है, जहां फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इधर, खाकी वर्दी पर हुए इस हमले को भोजपुर पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मामले की छानबीन और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि मारपीट में शामिल सभी ऑटो चालकों की सटीक पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

आशीष की रिपोर्ट