बिहार में सड़क हादसों का कहर, 6 नौजवानों की दर्दनाक मौत, CCTV में हिट एंड रन का मिला सुराग
Bihar Road Accident: बिहार में सड़क हादसों ने खौफनाक मंजर पैदा कर दिया है, जहां रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर कई घरों के चिराग बुझा दिए।
Bihar Road Accident: बिहार के सीमांचल इलाके में सड़क हादसों ने खौफनाक मंजर पैदा कर दिया है, जहां रफ्तार और लापरवाही ने मिलकर कई घरों के चिराग बुझा दिए। अररिया के नरपतगंज थाना इलाके में एनएच-57 पर पलासी मोड़ के पास हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। एक ही बाइक पर सवार तीन नौजवान मो. अरबाज, समीर और अशरफ मौत के आगोश में समा गए। बताया जा रहा है कि ये तीनों जोगबनी से लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत करार दे दिया। पुलिस अब CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि इस हिट एंड रन के मुल्जिम तक पहुंचा जा सके।
उधर, किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र में भी मौत ने सड़क पर अपना तांडव दिखाया। डुमरिया-जियापोखर मुख्य पथ पर देर शाम हुए एक और भीषण हादसे में शाहनवाज आलम और फैसल आलम नाम के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में ठाकुरगंज प्रखंड के कटहलडांगी इलाके में स्कूटी और पिकअप के बीच जबरदस्त टक्कर ने एक और जान ले ली। स्कूटी चला रहे सचिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी राहुल और मुकेश बुरी तरह घायल हो गए। चश्मदीदों के मुताबिक, तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश इस हादसे की वजह बनी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ई-रिक्शा भी पलट गई, हालांकि गनीमत रही कि उसमें कोई सवारी नहीं थी।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस तमाम मामलों की तहकीकात में जुटी है, लेकिन सवाल यही है आखिर कब थमेगा ये ‘मौत का सफर’?