मालदा में न्यायिक अधिकारियों के घेराव का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 33 लोग हिरासत में

Malda siege of judicial officers
Malda siege of judicial officers - फोटो : news4nation

SIR : पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड, वकील मोफक्करुल इस्लाम को सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। वह फ्लाइट से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।


एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी कालियाचक की घटना का मुख्य साजिशकर्ता है। बुधवार रात हुई इस घटना में सात न्यायिक अधिकारियों को बीडीओ कार्यालय के अंदर कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया था।


पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक एक आईएसएफ उम्मीदवार समेत कुल 33 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह घटना मोथाबारी विधानसभा क्षेत्र के कालियाचक II ब्लॉक कार्यालय में हुई थी, जहां वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अधिकारियों को करीब साढ़े सात घंटे तक घेर कर रखा।


बाद में, बुधवार आधी रात के करीब सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर सभी न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।