CBI Raid: CBI का बड़ा एक्शन, लोन पास कराने के नाम पर 45 हजार रिश्वत लेते बैंक एजेंट गिरफ्तार, मचा हड़कंप
CBI Raid: सीबीआई ने बड़ा एक्शन लेते हुए बैंक एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि एजेंट लोन पास कराने के नाम पर 45 हजार रिश्वत ले रहा था। सीबीआई ने रंगे हाथ दबोच लिया।
CBI Raid: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने एंटी करप्शन ब्रांच ने लोन स्वीकृत कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में एक रिकवरी एजेंट को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की घूस लेते समय पकड़ा गया। यह कार्रवाई हरदोई जिले में की गई, जहां बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा से जुड़े रिकवरी एजेंट सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
सीबीआई को यह शिकायत हरदोई जिले की निवासी सीमा देवी ने दी थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 5 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और खाते से राशि निकालने की अनुमति देने के लिए बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। बताया गया कि यह रकम रिकवरी एजेंट सुरेश चौधरी के माध्यम से ली जानी थी।
रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्रारंभिक जांच की और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को एजेंट को रिश्वत देने के लिए कहा गया। जैसे ही सुरेश चौधरी ने 45 हजार रुपये लिए, मौके पर मौजूद सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी जांच
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तरह से अन्य लोगों से भी रिश्वत तो नहीं ली गई। सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी जांच की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।