अस्थि विसर्जन करने जा रहे परिवार के साथ बड़ा हादसा, 8 की मौत, बीच सड़क पर बिछा लाश

accident in Punjab
accident in Punjab- फोटो : news4nation

Road Accident : अस्थि विसर्जन करने जा रहे एक परिवार के लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना फिरोजपुर के जंगावाला गांव के पास ट्रक और महिंद्रा पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार लोग जलालाबाद क्षेत्र के निवासी थे और अपने एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए ब्यास स्थित राधा स्वामी डेरा जा रहे थे। वाहन में करीब 25 लोग सवार थे। इसी दौरान जंगावाला गांव के समीप सामने से आ रहे ट्रक से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।


पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान चार अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। सभी घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार या किसी अन्य लापरवाही के कारण हुआ। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।