कोयला लदे ट्रक ने बैंड पार्टी की वैन को मारी टक्कर, 7 की मौत, एक गंभीर, सड़क पर पसरीलाशें
कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बैंड पार्टी को लेकर जा रही एक वैन को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
Road Accident : झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जिले के बरलोंग बुधबाजार इलाके में राजरप्पा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जहां कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बैंड पार्टी को लेकर जा रही एक वैन को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, हादसा आधी रात के करीब हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलोंग के पास देर रात सड़क दुर्घटना में 7 लोगों की मृत्यु की दुखद खबर से मैं अत्यंत मर्माहत हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दें।"
पुलिस ने क्या कहा?
रामगढ़ के सब-डिविजनल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आलोक रंजन ने बताया कि ट्रक और वैन की टक्कर में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, रामगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में कुल आठ लोगों को लाया गया था, जिनमें से सात को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उन्नत इलाज के लिए रांची भेजा गया है। प्रशासन के अनुसार, मृतक मरांगमरचा और बलसागरा गांव के निवासी थे। सभी लोग शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बैंड पार्टी के साथ वैन से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद सड़क जाम
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण पिछले तीन दिनों में इस इलाके में सड़क हादसों में कम से कम 11 लोगों की जान जा चुकी है। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने और हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क से जाम हटाया गया।