'मंगल ग्रह पर जाने का श्रेय नरेंद्र मोदी लेते तो पेपर लीक का क्यों नहीं'... प्रियंका गाँधी ने कहा, संकट की जिम्मेदारी लें पीएम

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री हर उपलब्धि का श्रेय लेने में आगे रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “वह मंगल ग्रह पर जाने का श्रेय लेते हैं, तो अब समय आ गया है कि अपने काम की जिम्मेदारी भी लें।”

Narendra Modi/Priyanka Gandhi
Narendra Modi/Priyanka Gandhi- फोटो : news4nation

Priynka Gandhi :  छात्रों के आंदोलन और उनके खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं और बच्चों की चिंता करने की बात सोशल मीडिया पर लिखते हैं, लेकिन दूसरी ओर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर आंसू गैस छोड़ी जा रही है और लाठीचार्ज किया जा रहा है। 


प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री हर उपलब्धि का श्रेय लेने में आगे रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “वह मंगल ग्रह पर जाने का श्रेय लेते हैं, तो अब समय आ गया है कि अपने काम की जिम्मेदारी भी लें।” कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के युवाओं और आम लोगों की उपलब्धियों का श्रेय प्रधानमंत्री लेते हैं। ऐसे में अगर युवाओं के भविष्य को लेकर कोई संकट पैदा हो रहा है, तो उसकी जिम्मेदारी भी सरकार को लेनी होगी।


‘छात्र आतंकवादी नहीं हैं’

प्रियंका गांधी ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की खबरों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्र आतंकवादी नहीं हैं। उनके माता-पिता और परिवार चिंतित हैं, लेकिन इंटरनेट बंद कर दिए जाने से वे अपने परिवार से संपर्क तक नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही लोकतंत्र है? उन्होंने कहा कि छात्र अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों पर आंसू गैस छोड़ी गई और लाठीचार्ज किया गया।


कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि प्रदर्शन कर रहे किसी छात्र के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान 152 पेपर लीक के मामले सामने आए, लेकिन दोषसिद्धि नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है?


‘युवाओं का सिस्टम से भरोसा उठ गया’

प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्रों का व्यवस्था से भरोसा उठ चुका है। उन्होंने सरकार से छात्रों और जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने की अपील की। उनका यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया, जिसमें उन्होंने युवाओं के कल्याण और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि पेपर लीक में शामिल लोगों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का निर्णय लिया गया है।


प्रधानमंत्री ने कहा था कि युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी ने सरकार से सवाल किया कि यदि वह युवाओं की चिंता करती है, तो प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई क्यों की जा रही है।