Bihar Politics: NEET फर्जीवाड़ा मामले में RJD पर हमलावर HAM, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा- दोषियों को मिले कड़ी सजा

Bihar Politics: NEET फर्जीवाड़ा और एडमिशन रैकेट मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय सचिव संतोष कुमार जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। ..

HAM Leader Targets RJD Over Alleged NEET Scam Arrest
शिक्षा में भ्रष्टाचार पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Politics: NEET फर्जीवाड़ा और एडमिशन रैकेट मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय सचिव संतोष कुमार जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने इस मामले को लेकर आरजेडी पर जोरदार हमला बोला है।

नई दिल्ली में जारी बयान में रजनीश कुमार ने कहा कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में भ्रष्टाचार करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति युवाओं के सपनों के साथ धोखा करने की हिम्मत न कर सके।

रजनीश कुमार ने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि संतोष कुमार जायसवाल जैसे लोग ही पार्टी के “चाल, चरित्र और चेहरा” को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि समय-समय पर आरजेडी से जुड़े नेताओं के नाम विभिन्न विवादों और आपराधिक मामलों में सामने आते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश की राजनीति शर्मसार होती है। HAM नेता ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच होनी चाहिए तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।

रजनीश कुमार ने यह भी कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी राजनीतिक संरक्षण से बचाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने जांच एजेंसियों से अपील की कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल NEET और एडमिशन रैकेट से जुड़े इस मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्षी दल लगातार एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।

दिल्ली से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट