पाकिस्तान का लडाकू विमान गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने छोड़ा एयरफ़ोर्स, अब उड़ाएंगे निजी विमान
अभिनंदन वर्तमान वर्ष 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हवाई संघर्ष के बाद देशभर में चर्चा में आए थे। उन्होंने हवाई मुकाबले के दौरान पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया था।
Abhinandan Varthaman : पाकिस्तान का लडाकू विमान गिराने वाले भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्तमान के लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वायुसेना से समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने एक निजी एयरलाइन में कमर्शियल पायलट के रूप में नई पारी शुरू की है।अभिनंदन वर्तमान ने अगस्त में गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 ज्वाइन की है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक न तो अभिनंदन वर्तमान और न ही एयरलाइन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
अभिनंदन वर्तमान वर्ष 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हवाई संघर्ष के बाद देशभर में चर्चा में आए थे। उन्होंने हवाई मुकाबले के दौरान पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया था और वह करीब तीन दिनों तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे थे। उनकी बहादुरी और अदम्य साहस के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया था।
बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद बढ़ा था तनाव
26 फरवरी 2019 की तड़के भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया था। यह कार्रवाई पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे।
इसके अगले दिन 27 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों के बीच हवाई संघर्ष हुआ था। इसी दौरान विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान ने पाकिस्तान के एक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। हालांकि, उनके मिग-21 बाइसन को भी नुकसान पहुंचा और उन्हें पाकिस्तान में इजेक्ट करना पड़ा था।