बिहार में कब होगी झमाझम बारिश, आ गया मौसम विभाग का बड़ा अपडेट, 20 जून को इन जिलों के लोग रहें सतर्क

बिहार के लिए राहत की खबर यह है कि 20 जून को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ बिहार में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है।

Bihar Weather
Bihar Weather- फोटो : news4nation

Bihar Weather : बिहार में मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ने से लोगों को अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन व्यापक और लगातार बारिश अभी तक नहीं हो सकी है। मौसम विभाग ने 20 जून को बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।


दरअसल, देश में मानसून 15 दिनों के भीतर 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन 8 जून से इसकी प्रगति तेलंगाना के आसपास ठहर गई है। पिछले 11 दिनों से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है, जिससे कई राज्यों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। 1 से 18 जून के बीच पूरे देश में सामान्य से 38 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।


इस कारण रुकी रफ्तार 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की सुस्ती के पीछे पांच प्रमुख कारण हैं। अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाएं कमजोर पड़ गई हैं, दक्षिण-पश्चिमी हवाएं पर्याप्त नमी नहीं ला पा रही हैं, क्रॉस-इक्वेटोरियल फ्लो कमजोर हो गया है, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम नहीं बन रहा है और मेडेन-जूलियन ऑसिलेशन (एमजेओ) भी कमजोर स्थिति में है। इन कारणों से दक्षिण भारत से बादलों की उत्तर भारत की ओर बढ़ने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है।


यहां सबसे कम बारिश 

देश में सबसे अधिक बारिश की कमी महाराष्ट्र और गुजरात में दर्ज की गई है। महाराष्ट्र में सामान्य से 78 प्रतिशत और गुजरात में 79 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत सात राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।


बिहार के लिए राहत की खबर

बिहार के लिए राहत की खबर यह है कि 20 जून को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ बिहार में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य के किसानों की निगाहें भी अब मानसून की सक्रियता पर टिकी हैं, क्योंकि धान की बुआई के लिए पर्याप्त बारिश बेहद जरूरी मानी जाती है।