सीएम सम्राट चौधरी ने दिल्ली में निर्मला सीतारमण और एस. जयशंकर से की मुलाकात, बिहार के लिए बड़ी मांग

मुख्यमंत्री के अनुसार, बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट से जुड़े विषयों और बिहार में पर्यटन के विकास सहित कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

Samrat Choudhary met Nirmala Sitharaman
Samrat Choudhary met Nirmala Sitharaman- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान बिहार के विकास और राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार, बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट से जुड़े विषयों और बिहार में पर्यटन के विकास सहित कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बिहार के हित से जुड़े अन्य विषयों को भी केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा गया।


बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास, समृद्धि और जनहित से जुड़े विषयों को केंद्र के समक्ष मजबूती से रखने तथा बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण रही।


विनोद तावड़े से भी मिले सम्राट चौधरी

इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने तावड़े को भाजपा का दोबारा राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सम्राट चौधरी ने उनके संगठनात्मक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और सुखद एवं ऐतिहासिक परिणाम लेकर आएगा।

मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब बिहार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास और केंद्र-राज्य समन्वय के मुद्दे चर्चा में हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई बैठकों में राज्य की प्राथमिकताओं और लंबित परियोजनाओं को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।