राज्यसभा में पहली बार मानसून सत्र में शामिल हुए नीतीश कुमार, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात

नीतीश कुमार की राज्यसभा सदस्य के रूप में मानसून सत्र में उनकी पहली भागीदारी को इसी राजनीतिक बदलाव की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

Nitish Kumar met CP Radhakrishnan
Nitish Kumar met CP Radhakrishnan- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में पहली बार राज्यसभा सदस्य के रूप में मानसून सत्र में हिस्सा लिया। संसद पहुंचने के बाद उन्होंने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा भी मौजूद रहे।


नीतीश कुमार ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने नई दिल्ली में पहली बार राज्यसभा सदस्य के रूप में मानसून सत्र में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। 


नीतीश कुमार का राज्यसभा में पहुंचना बिहार की राजनीति में हालिया बड़े बदलावों के बाद हुआ है। मार्च 2026 में राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाने के बाद उन्होंने 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 10 अप्रैल को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।  इसके बाद बिहार की राजनीति में एक बड़ा सत्ता परिवर्तन देखने को मिला और नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लंबे समय तक बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे नीतीश कुमार अब राज्यसभा के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई भूमिका निभा रहे हैं।


राज्यसभा सदस्य के रूप में मानसून सत्र में उनकी पहली भागीदारी को इसी राजनीतिक बदलाव की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहने के बाद अब संसद के उच्च सदन में उनकी भूमिका पर राजनीतिक गलियारों की नजर है।


नीतीश कुमार के साथ जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की मौजूदगी भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों नेताओं की सक्रियता से संकेत है कि जदयू अब बिहार की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी भूमिका को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।