महंगाई का झटका, 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा होगा दूध, जानिए 12 नवंबर से से नई कीमतें

टोंड मिल्क (बल्क वेंडेड) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। टोंड मिल्क (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये कर दी गई है

Mother Dairy Milk Price Hike
Mother Dairy Milk Price Hike- फोटो : news4nation

Mother Dairy:  महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को अब दूध के लिए भी ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों में शामिल मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगी। कंपनी ने यह फैसला किसानों से दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी और उत्पादन लागत में इजाफे के चलते लिया है।


मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनियों में शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने अपने अलग-अलग लिक्विड मिल्क वेरिएंट की खुदरा कीमतों में संशोधन किया है। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार किया है।


अब कितनी हो गई दूध की कीमत?

नई दरों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में टोंड मिल्क (बल्क वेंडेड) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। टोंड मिल्क (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये कर दी गई है। इसी तरह डबल टोंड दूध अब 54 रुपये की जगह 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। जबकि गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।


किसानों से महंगा दूध खरीदने के कारण बढ़े दाम

सूत्रों के अनुसार, किसानों से दूध की खरीद कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी वजह से कंपनी को लागत का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा है। मदर डेयरी अपने दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है। गौरतलब है कि कंपनी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में संशोधन किया गया था।


रोजाना 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है कंपनी

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में अपने आउटलेट, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। देशभर में कंपनी की कुल दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी के कारोबार में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये पहुंच गया। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।