ज्ञान बिंदु के रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के होटल में संदिग्ध मौत ! खान सर से हुआ था विवाद
पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे, पत्थरबाजी और विवाद के बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की थी। अब इसी से जुड़े प्रिंस यादव के नेपाल में संदिग्ध मौत की खबर है.
नेपाल से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पटना के चर्चित कोचिंग संचालक एवं ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का दावा किया गया है। सूत्रों के अनुसार घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने होटल में मौजूद अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव नेपाल के एक होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल में उनके साथ मौजूद सभी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हर संभावित पहलू को खंगाल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस यादव हाल के दिनों में चर्चित खान कोचिंग प्रकरण के बाद चर्चा में आए थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में उनका नाम सामने आने के बाद वे फरार चल रहे थे। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे, पत्थरबाजी और विवाद के बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की थी। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद का नाम भी सुर्खियों में आया था। खान सर और रौशन आनंद के बीच विवाद को लेकर शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई थी। अब रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इस पूरे घटनाक्रम को एक नया मोड़ दे दिया है।
अनिल की रिपोर्ट