बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर फिर भड़का छात्रों का आक्रोश, पटना में प्रदर्शन और मार्च

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर से मार्च निकालते हुए जेपी गोलंबर की ओर बढ़े। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा
बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा- फोटो : news4nation

Bihar Police : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित दरोगा भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में दरोगा अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर आए और परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।


प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर से मार्च निकालते हुए जेपी गोलंबर की ओर बढ़े। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कारगिल चौक समेत कई संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


अभ्यर्थियों का आरोप है कि बिहार पुलिस में 1,799 दरोगा पदों के लिए 27 मई को आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। उनका कहना है कि जब परीक्षा की गोपनीयता ही भंग हो गई है तो पूरी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। ऐसे में परीक्षा को तत्काल रद्द कर नई परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।


प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि उन्होंने कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक से जुड़े तथ्यों को लेकर विभिन्न सरकारी एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को आवेदन भी दिया है। इसके बावजूद अब तक न तो मामले की निष्पक्ष जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है और न ही दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है।


अभ्यर्थियों की मांग है कि पूरे मामले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जाए, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा यदि पेपर लीक की पुष्टि होती है तो परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाए। छात्रों का कहना है कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार और आयोग को गंभीरता दिखानी चाहिए।


वहीं प्रशासन की ओर से प्रदर्शन पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अनुमति दी गई है, लेकिन किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।

अनिल की रिपोर्ट