बिहार में आ रहा 6.5 लाख करोड रुपए का निवेश, सीएम सम्राट चौधरी का विकसित बिहार के लिए बड़ा ऐलान

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार दुनिया का सबसे अधिक घनत्व आबादी वाला राज्य है। पिछले 20 वर्षों से अपने संसाधन से बिहार का ग्रोथ रेट डबल डिजिट में रहा है।

CM Samrat Chaudhary
CM Samrat Chaudhary- फोटो : news4nation

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर विकास कार्य कर रहे हैं। मेरा मानना है कि भारत तभी विकसित होगा जब बिहार समृद्ध होगा। आज से 2000 वर्ष पूर्व इस धरती ने देश को स्वर्णिम काल दिया। लगभग 200 वर्षों तक बिहार शासन का केन्द्र रहा जिसे स्वर्णिम काल के रूप में जाना जाता है। बीच के कालखंड में आक्रांताओं ने भारत आकर सिर्फ लूटपाट मचायी।


उन्होंने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ० श्रीकृष्ण सिंह ने बिहार के विकास के लिए काफी काम किया। वर्ष 1962 से 90 के बीच जो मुख्यमंत्री रहे उनका कार्यकाल मात्र एक से डेढ़ वर्ष के बीच ही रहा। उन्होंने कहा कि हमें पूरी व्यवस्था बदल कर सामाजिक संरचना खड़ा करते हुये लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है, तभी बिहार समृद्ध होगा। बिहार दुनिया का सबसे अधिक घनत्व आबादी वाला राज्य है। पिछले 20 वर्षों से अपने संसाधन से बिहार का ग्रोथ रेट डबल डिजिट में रहा है। भारत सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जब हम नगर विकास मंत्री थे उससे पहले कंपनी सचिव नहीं हुआ करते थे। हमने बुडको के साथ इसे जोड़ने का काम किया। बिहार से जुड़े जो भी चार्टर्ड अकाउंटेंट स्टॉक शेयर या कंपनी सचिव हैं बिहार को समृद्ध बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। आप सभी का सहयोग जिस दिन ताकत बन गई, बिहार देश का अग्रणी राज्य बन जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली, पानी, सड़क सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सरकार ने हर घर तक पहुंचाया है। अगले 5 वर्षों में हमारे बिजली उत्पादन की क्षमता काफी बढ़ जाएगी। बिहार के बिजली उपभोक्ताओं को अगले 30 साल बाद भी बिजली आपूर्ति की जितनी जरूरत होगी, उतनी बिजली उत्पादन की क्षमता हम अगले 2 साल में पूरा कर लेंगे। बड़ी संख्या में यहां उद्योग भी स्थापित हो रहे हैं, उसके लिए भी बिजली की आवश्यकता पड़ेगी जिसको ध्यान में रखते हुए काम किया जा रहा है। हम लोग बिजली सब्सिडी के रूप में उपभोक्ताओं को 23000 करोड़ रूपया दे रहे हैं जो देश में सबसे ज्यादा है।


12 नई टाउनशिप विकसित होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 85 प्रशित लोग ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं। देश के किसी भी कोने में आप कश्मीर से कन्याकुमारी तक चले जाएं सबसे अच्छी ग्रामीण सड़क आपको बिहार में ही मिलेगी। शहरी क्षेत्रों में भी सड़कों को बेहतर बनाया जा रहा  उन्होंने कहा कि आज से 30-40 वर्ष पहले प्रतियोगिता दर्पण में यह सामान्य ज्ञान हुआ करता था कि एशिया की सबसे बड़ी कॉलोनी कंकड़बाग, पटना है। हमलोग 12 नई टाउनशिप विकसित कर रहे हैं इसके लिए 6 लाख 25 हजार एकड़ भूमि पर काम शुरू किया जा रहा है। जिसमें 6.5 लाख करोड रुपए का निवेश आने वाला है। विकसित होनेवाले 12 टाउनशिप में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, इंडस्ट्रियल पार्क भी विकसित किया जाएगा। इसमें जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित होगी उन्हें सरकार उचित मुआवजा देगी। हमने कहा है कि किसी व्यक्ति की जमीन टाउनशिप क्षेत्र में आती है और उनके घर में अगर बेटी की शादी है या वह किसी भी विपदा से जूझ रहे हैं तो वे डी०एम० को आवेदन दें। उनके खाते में मुआवजे की राशि तत्काल भेजी जाएगी ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है।


अपराधी को मिलेगा जवाब

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अब कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है तो 24 से 48 घंटे में हमारी पुलिस उसे जवाब देती है। अपराधियों के नस्लों और पीढ़ियों को तोड़ने का काम पुलिस कर रही है। समाज को उन्नति, सदभाव और समृद्धि का रास्ता दिखाना है। मेरा मानना है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने का रास्ता दिखायेंगे क्योंकि कोई व्यक्ति यदि बिहार में उद्योग या स्टार्टअप शुरू करना चाहता है तो वह पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट या कंपनी सेक्रेटरी के पास ही जाता है। 


गंगा पथ पटना का लाइफ लाइन

उन्होंने कहा कि अब जे०पी० गंगा पथ पटना का लाइफ लाइन बन गया है। इसे बनाने में 13 वर्ष लगे हैं। 21 किलोमीटर लंबे इस पथ के निर्माण में 6000 करोड़ रूपये खर्च हुआ है। अब हमलोग गंगा और सोन नदी के ऊपर 126 किलोमीटर पथ बना रहे हैं। इसमें मुंगेर और भागलपुर के बीच 83 किलोमीटर जबकि दीघा से कोईलवर तक पथ बनेगा। इस पथ का निर्माण पी०पी०पी० मोड पर अगले तीन वर्षों में किया जायेगा। इस परियोजना में बिहार का सिर्फ 40 प्रतिशत पैसा खर्च होगा। उन्होंने कहा कि हम लोग तीन एक्सप्रेस-वे भी बना रहे हैं। सोनपुर से गोपालगंज के बीच नारायणी पथ का निर्माण कराया जाएगा।