Bihar Band : छावनी में तब्दील नवादा, 1700 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिला प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी बुलाया जा सकता है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Bihar Band in Nawada
Bihar Band in Nawada- फोटो : news4nation

 Bihar Band : बिहार बंद को लेकर नवादा जिले में छात्र जुलूस और संभावित प्रदर्शनों के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी रवि प्रकाश और एसपी अभिनव कुमार के निर्देशन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले के 40 महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 1700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी रवि प्रकाश के आदेश पर 28 थाना प्रभारियों को जिले में बुलाया गया है। चार एसडीपीओ और दो एसडीओ सहित पुलिस लाइन के सभी अधिकारी भी फील्ड में तैनात किए गए हैं। 


एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि छात्र जुलूस में 2000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाया है। लगभग 40 स्थानों पर कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त, ड्रोन कैमरों से भी पूरे क्षेत्र की निरंतर निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


सूत्रों के अनुसार, भीम आर्मी सहित अन्य संगठन नवादा की सड़कों पर प्रदर्शन कर सकते हैं। इसे देखते हुए जुलूस के रूट, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए और किसी भी तरह की गुंडागर्दी या हिंसा बर्दाश्त न की जाए।


जिला प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी बुलाया जा सकता है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यह सुरक्षा व्यवस्था छात्रों के अधिकारों और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने इस मुद्दे को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी है।

अमन की रिपोर्ट