MUNGER : मुंगेर पुलिस के द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए फरार और लाल कार्ड धारी अपराधियों की धड़ पकड़ के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जिले के टॉप टेन अपराधियों की सूची में नामित 25 हजार का इनामी अपराधी मुकेश कुमार उर्फ दुलो मंडल को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 11 माह पूर्व बरियारपुर स्टैंड विवाद में स्टैंड पर ही हथियारबंद अपराधियों ने गोलीबारी कर दो लोगों की हत्या कर दी थी। जिसका मास्टर माइंड बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव निवासी मुकेश कुमार उर्फ दुलो मंडल था। उसे भी दोहरा हत्याकांड में नामजद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही 4 नामजद और अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन दुलो मंडल सहित कई अन्य अब भी फरार चल रहा था।
न्यायालय के आदेश पर फरारियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की गयी। जबकि पुलिस लगातार दुलो मंडल पर नजर रखे हुए थी। सूचना मिली कि दुलो मंडल बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के घोषपुर अपना ससुराल आने वाला है। एसडीओ सदर राजेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम उसकी गिरफ्तारी करने उसके ससुराल गयी । जहां से उसे गिरफ्तार कर मुंगेर लाया गया। जिसे रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि दोहरा हत्याकांड में कुछ और नामजदों की गिरफ्तारी होनी शेष है। जिसके लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही बताया की दुलो मंडल पर हत्या, रंगदारी, लूट, शराब तस्करी सहित अन्य संज्ञेय अपराधिक मामला दर्ज है। उस पर बरियारपुर थाना में कुल 8 मामला दर्ज है। जबकि रेल थाना जमालपुर में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है। वह पहले भी जेल जा चुका है।
मुंगेर से इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट